मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार को इंदौर में प्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम को सुगम संगीत के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान मंगेशकर की 96वीं जयंती के अवसर पर उनके जन्मस्थली पर मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री यादव ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने अद्भुत स्वर से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यह सम्मान उन कलाकारों के योगदान को मान्यता देता है जिन्होंने संगीत के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सोनू निगम को लता मंगेशकर अलंकरण से सम्मानित कर गर्व महसूस कर रही है। इस अवसर पर निगम ने भावुकता के साथ कहा, 'लता जी हमारे लिए केवल प्रेरणा नहीं, बल्कि संगीत की जीवित परंपरा हैं। इस सम्मान को पाकर मैं खुद को धन्य महसूस कर रहा हूँ। यह क्षण मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक है।'
52 वर्षीय सोनू निगम ने कहा कि जिस समारोह में प्रस्तुति देने के लिए वह 30 वर्ष पहले इंदौर आए थे, उसी सम्मान समारोह में उन्हें आज यह सम्मान मिलना गर्व की बात है।
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था और उन्होंने 6 फरवरी 2022 को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, जो 1984 में स्थापित हुआ, सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा दिया जाने वाला वार्षिक अलंकरण है। पिछले वर्षों में इस सम्मान से नौशाद, किशोर कुमार और आशा भोंसले जैसी महान हस्तियों को भी नवाजा जा चुका है।
You may also like
उमरियाः तीन सगे-भाई बहन बहे नाले, दो की मौत
भूपेश बघेल का भाजपा पर तंज, जीएसटी के फायदे गिना रही, पर बाजारों में सन्नाटा पसरा
उत्तर प्रदेश: अयोध्या में रामलीला में रावण दहन पर लगी रोक
पश्चिम मध्य प्रदेश में 42 हजार स्थानों पर सोलर रूफ टॉप संयंत्र स्थापित
वीपी मेनन ने आजाद भारत के निर्माण में निभाई ऐतिहासिक भूमिका, रियासतों को एक धागे में पिरोया